OTHERS

बिहार विद्या साथी’ ऐप से बच्चों की पढ़ाई होगी आसान, विद्यार्थियों के लिये 24X7 शिक्षक ऑनलाइन होंगे उपलब्ध :- मुख्यमंत्री

बक्सर पब्लिक न्यूज:- पटना के लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों में 24×7, 1:1 इंटरैक्टिव प्लेटफार्म ‘बिहार विद्या साथी’ का शुभारंभ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा किया गया।बिहार विद्या साथी’ ऐप के शुभारंभ के अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। ‘बिहार विद्या साथी’ के माध्यम से विद्यार्थी जब चाहें, जहाँ से चाहें, अपनी पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे।

माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राज्य के 38 जिलों के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों से शुरू हो रही इस पहल से लगभग 3 लाख विद्यार्थियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए 24X7 लाइव शिक्षक उपलब्ध रहेंगे। विद्यार्थी अपनी आवश्यकता और पसंद के अनुसार शिक्षक का चयन कर उनसे वन-टू-वन संवाद के माध्यम से पढ़ाई कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 75 हजार शिक्षक विद्यार्थियों को व्यक्तिगत शैक्षणिक सहयोग प्रदान करेंगे। कक्षा 9वीं-10वीं के विद्यार्थियों के लिये सभी विषय तथा कक्षा 11वीं-12वीं के विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों को लाइव ट्यूटर सपोर्ट के साथ बिहार बोर्ड, JEE एवं NEET की तैयारी के लिए डिजिटल अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक AI टूल्स के माध्यम से विद्यार्थियों की कॉन्सेप्ट लर्निंग को और बेहतर बनाया जाएगा तथा उन्हें असीमित अध्ययन एवं अभ्यास की सुविधा मिलेगी। 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों से शुरू की जा रही यह व्यवस्था आगे राज्य के अन्य विद्यालयों तक भी विस्तारित की जाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि यह एक अच्छी शुरुआत है। इसका भरपूर लाभ उठाएं, अपनी जिज्ञासाओं का समाधान करें और ज्ञान एवं कौशल के माध्यम से अपने जीवन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करें।

उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि विद्यार्थी जहाँ भी हो, जब भी पढ़ें, उनके सवाल का जवाब और शिक्षक का सहयोग हमेशा उसके साथ हो। आज के इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों को शुभकामनायें देता हूँ और उम्मीद करता हूँ कि आप इस प्लेटफार्म का उपयोग करते हुये अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता को मजबूत करेंगे और जीवन को उन्नत बनायेंगे।

कार्यक्रम के दौरान ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। कार्यक्रम में राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर की छात्रायें सुश्री जाहन्वी एवं सुश्री जिया ने इस ऐप के प्रयोग का डेमो दिखाया और इससे हो रही सुविधाओं एवं लाभ के बारे में जानकारी दी तथा मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।इस अवसर पर समाहरणालय बक्सर से  वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला, सहायक समाहर्ता बक्सर, जिला शिक्षा पदाधिकारी बक्सर एवं विद्यार्थी जुड़े हुये थे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button