अंचलाधिकारी और पुलिस बल के मौजूदगी में सरकारी सड़क की जमीन से हटाया गया कब्जा

बक्सर पब्लिक न्यूज:- राजपुर प्रखंड के धनसोई थाना क्षेत्र के अमरपुर गांव में प्रशासनिक स्तर पर बड़ी कार्रवाई की गई है. लोक शिकायत निवारण कार्यालय के आदेश और पूर्व में दिए गए निर्देशों के बावजूद सरकारी सड़क की जमीन से कब्जा नहीं हटाने पर अंचल प्रशासन ने जेसीबी मशीन की मदद से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया. इस कार्रवाई से गांव में आवागमन का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है.मिली जानकारी के अनुसार, अमरपुर गांव निवासी श्याम नारायण यादव द्वारा गांव की मुख्य सड़क की सरकारी जमीन पर अवैध रूप से मकान की दीवार खड़ी कर ली गई थी. इस अवैध कब्जे के कारण सड़क संकीर्ण हो गई थी, जिससे स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था.।
इस मामले को लेकर अमरपुर गांव निवासी प्रशांत कुमार पिता रमाकांत सिंह ने लोक शिकायत निवारण कार्यालय में लिखित आवेदन देकर सड़क की जमीन से अतिक्रमण हटाने की मांग की थी. आवेदन पर सुनवाई के बाद प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने का औपचारिक आदेश पारित किया था.प्रशासनिक स्तर पर संबंधित व्यक्ति को खुद ही अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था और शुरुआत में उन्होंने खुद कब्जा हटाने की बात भी कही थी, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया. जिस पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए सीओ डॉक्टर नरेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गयी. इस दौरान धनसोई थाना के पुलिस अवर निरीक्षक अभय कुमार सिंह एवं भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।



