बक्सर स्टेशन पर चोरी के आरोप में दो महिलाएं गिरफ्तार, 20 हजार के आभूषण बरामद


बक्सर पब्लिक न्यूज:- बक्सर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने चोरी के आरोप में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इनके पास से करीब 20 हजार रुपये मूल्य की चांदी की एक जोड़ी पायल और तीन जोड़ी बिछिया बरामद हुई हैं।
आरपीएफ इंस्पेक्टर कुंदन सिंह ने बताया कि 27 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे प्लेटफॉर्म संख्या तीन स्थित वेटिंग हॉल के पास गश्त के दौरान दोनों महिलाएं संदिग्ध हालत में मिलीं। तलाशी में आभूषण बरामद हुए। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर कोलकाता से आ रही ट्रेन में यात्री के बैग से आभूषण चोरी करने की बात स्वीकार की।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी लक्ष्मी पासी (48) और पूजा पासी (26) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इनमें से एक महिला पहले भी जेल जा चुकी है। दोनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी बक्सर को सौंप दिया गया है।



