जिला उद्योग केंद्र में ‘स्टार्टअप बैंक कनेक्ट’ कार्यक्रम आयोजित, उद्यमियों को बैंकिंग सुविधाओं एवं सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी


बक्सर पब्लिक न्यूज:- बक्सर को नवोदित उद्यमियों एवं स्टार्टअप को बैंकिंग सुविधाओं, वित्तीय सहायता तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से बक्सर में ‘स्टार्टअप बैंक कनेक्ट कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं भावी उद्यमियों को उद्यम स्थापना, वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता तथा व्यवसाय के विस्तार से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान करना और उन्हें स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करना था।कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र बक्सर के महाप्रबंधक, पंजाब नेशनल बैंक, बक्सर के जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक , नाबार्ड, बक्सर के जिला विकास प्रबंधक , मार्केटिंग विशेषज्ञ एवं जिला उद्योग केन्द्र बक्सर के परियोजना प्रबंधक सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को बैंक ऋण की उपलब्धता, वित्तीय सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया, सरकारी योजनाओं के अंतर्गत उपलब्ध सुविधाओं तथा उद्यमों की स्थापना एवं विकास में बैंकिंग संस्थानों की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही, उद्यमियों को अपने व्यावसायिक विचारों को व्यवहार्य एवं सफल उद्यम में परिवर्तित करने के लिए उचित वित्तीय योजना तैयार करने, आवश्यक दस्तावेजों की व्यवस्था करने तथा बैंकिंग संस्थानों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों ने युवाओं एवं नवोदित उद्यमियों से स्वरोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बैंकिंग सुविधाओं, वित्तीय सहायता एवं सरकारी योजनाओं का समुचित लाभ उठाकर नए उद्यम स्थापित करने और मौजूदा व्यवसायों का विस्तार करने की संभावनाओं को साकार किया जा सकता है। इससे न केवल स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी, बल्कि जिले के औद्योगिक विकास और आर्थिक प्रगति को भी गति मिलेगी।
कार्यक्रम में बैंकिंग संस्थानों एवं उद्यमियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, वित्तीय सहायता से संबंधित जानकारी का प्रसार करने तथा उद्यमिता के लिए अनुकूल वातावरण विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।
‘स्टार्टअप बैंक कनेक्ट’ कार्यक्रम जिला स्तर पर उद्यमिता को प्रोत्साहित करने, युवाओं को स्वरोजगार के अवसरों से परिचित कराने तथा उद्यमियों को वित्तीय सहायता प्राप्त करने की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करने की एक महत्वपूर्ण पहल है।



