नशामुक्ति अभियान के तहत जिले में जीविका द्वारा तीन संकुल स्तरीय संघों में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन


बक्सर पब्लिक न्यूज:- बिहार सरकार द्वारा संचालित नशामुक्त भारत अभियान एवं राज्यव्यापी नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत जिले में जीविका द्वारा आज तीन संकुल स्तरीय संघों में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन संस्कार जीविका महिला संकुल स्तरीय संघ नावानगर , मुस्कान जीविका महिला संकुल संघ चक्की एवं उड़ान जीविका महिला संकुल संघ सिमरी में आयोजन किया गया।कार्यक्रम में बिहार ग्रामीण आजीविका संवर्धन सोसाइटी (जीविका), उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग, बिहार सरकार तथा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के प्रतिनिधियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
इस अवसर पर जीविका से जुड़ी बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों की दीदियों, जीविका कर्मियों, सामुदायिक कैडरों एवं प्रखंड स्तर के प्रशासनिक पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता फैलाना, नशे की प्रवृत्ति को रोकना तथा परिवार एवं समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक सहभागिता सुनिश्चित करना था।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्रतिनिधियों द्वारा नशे के विभिन्न रूपों, विशेषकर शराब, तंबाकू एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, आर्थिक एवं सामाजिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि इससे पूरे परिवार की आर्थिक स्थिति, बच्चों की शिक्षा, पारिवारिक संबंधों एवं सामाजिक वातावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
जीविका से जुड़ी दीदियों को इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें बताया गया कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से गांव-गांव एवं टोला स्तर पर नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया जा सकता है। महिलाएं अपने परिवार एवं समुदाय में जागरूकता फैलाकर नशामुक्त समाज के निर्माण में प्रभावी योगदान दे सकती हैं।प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के प्रतिनिधियों द्वारा भी आत्मसंयम, सकारात्मक सोच, आत्मबल एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
उन्होंने कहा कि नशामुक्ति केवल एक व्यक्ति का संकल्प नहीं, बल्कि पूरे परिवार एवं समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।कार्यक्रम के अंतर्गत जागरूकता एवं शपथ ग्रहण गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। उपस्थित सभी दीदियों एवं कर्मियों ने स्वयं नशे से दूर रहने, अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को नशे के सेवन से बचाने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करने का संकल्प लिया। कुछ स्थानों पर जागरूकता रैली एवं सामूहिक शपथ के माध्यम से भी आम लोगों को इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया गया।इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने एक स्वर में कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। विशेष रूप से महिलाओं की सामुदायिक शक्ति एवं स्वयं सहायता समूहों का नेटवर्क इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने समाज से नशे की बुराई को समाप्त करने तथा स्वस्थ, सुरक्षित एवं समृद्ध समाज के निर्माण में निरंतर सहयोग करने का संकल्प लिया।
संदेश: नशामुक्त समाज – स्वस्थ समाज, समृद्ध समाज
आइए, हम सभी मिलकर संकल्प लें कि नशे से स्वयं भी दूर रहेंगे और दूसरों को भी दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे, ताकि स्वस्थ परिवार, सशक्त महिला और समृद्ध बिहार का निर्माण हो सके।



