द्वितीय चरण की जनगणना को लेकर जिला एवं चार्ज स्तरीय पदाधिकारियों का चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ


बक्सर पब्लिक न्यूज:- द्वितीय चरण की जनगणना (जनसंख्या परिगणना) के सफल एवं प्रभावी संचालन हेतु जिला एवं चार्ज स्तरीय पदाधिकारियों तथा सहायकों का चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम दिनांक 30 अक्टूबर से 02 नवंबर 2026 तक समाहरणालय परिसर स्थित नए सभाकक्ष में आयोजित किया जा रहा है।प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्य निदेशालय, बिहार से प्रतिनियुक्त प्रशिक्षक श्री रविन्द्र कुमार सिंह एवं श्री अनुप कुमार वर्मा द्वारा प्रतिभागियों को जनगणना से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं, कार्यप्रणाली एवं निर्धारित दायित्वों के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ जिला जनगणना अधिकारी-सह-अपर समाहर्त्ता, बक्सर श्री अरुण कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को जनगणना कार्य की महत्ता से अवगत कराते हुए कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, नीतियों एवं प्रशासनिक निर्णयों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं से पूरी गंभीरता, रुचि एवं सक्रिय सहभागिता के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने तथा जनगणना कार्य से संबंधित प्रक्रियाओं एवं तकनीकी पहलुओं की समुचित जानकारी प्राप्त करने की अपेक्षा की।
उन्होंने प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का उपयोग करते हुए जनगणना कार्य को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप त्रुटिरहित, व्यवस्थित एवं समयबद्ध ढंग से संपादित करने पर भी बल दिया।उक्त अवसर पर नोडल पदाधिकारी (जनगणना)-सह-वरीय उप समाहर्त्ता, बक्सर, अपर जिला जनगणना अधिकारी-सह-जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, बक्सर सहित जिला जनगणना कोषांग, बक्सर के सभी पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।



