सावधान: नकली मिठाई बेचने वाले पर होगी कार्रवाई, थाना अध्यक्ष और अंचल अधिकारी ने किया जांच


बक्सर पब्लिक न्यूज:- आगामी त्योहारों के मद्देनजर आम लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है.वरीय अधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को क्षेत्र के राजपुर, तियरा और आसपास के बाजारों में संचालित मिठाई की दुकानों पर औचक छापेमारी की गई।अंचल अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह और राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार के नेतृत्व में हुई इस संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र के दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मिठाइयों का निर्माण पूरी तरह खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप होना चाहिए. सीओ डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि त्योहार के समय मुनाफे के चक्कर में मिलावट करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. जांच में किसी भी तरह की मिलावट या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.यह जांच अभियान सिर्फ चुनिंदा दुकानों तक सीमित नहीं रहेगा।
बल्कि क्षेत्र की सभी मिठाई दुकानों पर लगातार चलाया जाएगा ताकि शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री की बिक्री सुनिश्चित की जा सके.आम नागरिकों से भी सतर्क रहने की अपील की है.अधिकारियों ने कहा कि मिठाई खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें. यदि किसी भी दुकान पर मिलावट या घटिया सामग्री के इस्तेमाल की आशंका हो, तो इसकी तुरंत सूचना संबंधित विभाग या स्थानीय प्रशासन को दे।



