CRIME

बेकाबू पिकअप ने ली वृद्ध की जान, टक्कर मारकर चालक फरार

सड़क पार करते समय हुआ हादसा, सदर अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

बक्सर पब्लिक न्यूज :- एनएच-120 पर पिकअप की टक्कर से 65 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। हादसा बुधवार को बासुदेवा थाना क्षेत्र के मुकुंदडेरा गांव के पास हुआ। सड़क पार कर रहे वृद्ध को पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। मृतक की पहचान मुकुंदडेरा गांव निवासी सुभाष राय के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सुभाष राय घर के पास ही सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनके सिर में गंभीर चोट आई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नावानगर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। बासुदेवा थानाध्यक्ष अनिल कुमार पासवान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। फरार पिकअप चालक की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button