OTHERS

राष्ट्रीय खेल दिवस पर जिले के विभिन्न विद्यालयों तक गूंजा खेल महोत्सव की धूम, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

- इंडोर बैडमिंटन हॉल, कला भवन एवं एम.पी. उच्च विद्यालय से लेकर जिले के विभिन्न विद्यालयों तक गूंजा खेल महोत्सव

बक्सर पब्लिक न्यूज:- हॉकी के जादूगर एवं महान भारतीय खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के तहत जिला खेल कार्यालय, बक्सर के तत्वावधान में जिले में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं एवं शारीरिक फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया गया।

खेल महोत्सव में खिलाड़ियों, विद्यार्थियों एवं खेल प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा एवं कौशल का प्रदर्शन किया।इस अवसर पर इंडोर बैडमिंटन हॉल बक्सर, कला भवन बक्सर एवं एम.पी. उच्च विद्यालय बक्सर में विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसके साथ ही जिले के विभिन्न विद्यालयों में भी खेल प्रतियोगिताओं एवं शारीरिक फिटनेस गतिविधियों का आयोजन कराया गया, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

खेल महोत्सव के दौरान वूशु, जूडो, बैडमिंटन, खो-खो, कबड्डी, शतरंज एवं वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कबड्डी में खिलाड़ियों ने फुर्ती एवं सामूहिक रणनीति का शानदार प्रदर्शन किया, वहीं शतरंज में खिलाड़ियों ने अपनी सूझबूझ एवं रणनीतिक क्षमता का परिचय दिया। बैडमिंटन एवं वॉलीबॉल के मुकाबलों में खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन ने दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। वूशु एवं जूडो खिलाड़ियों ने तकनीक, आत्मविश्वास एवं शारीरिक दक्षता का प्रदर्शन किया।विद्यालयों में आयोजित खेल गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को खेल के प्रति प्रेरित करने, नियमित शारीरिक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

इस अवसर पर जिला खेल कार्यालय द्वारा बताया गया कि राष्ट्रीय खेल दिवस का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को खेलों के प्रति जागरूक करना तथा जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि यह आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व एवं सकारात्मक सोच के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।जिला प्रशासन एवं जिला खेल कार्यालय, बक्सर द्वारा राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इन खेल गतिविधियों से जिले में खेलों के प्रति उत्साह एवं जागरूकता का वातावरण बना। कार्यक्रम के सफल आयोजन में खेल प्रशिक्षकों, शारीरिक शिक्षा शिक्षकों, विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, खेल संघों एवं संबंधित कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button