जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय उमरपुर का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए सख्त निर्देश


बक्सर पब्लिक न्यूज:- बक्सर जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला द्वारा प्राथमिक विद्यालय उमरपुर (बालक) एवं (बालिका) का निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने छात्र-छात्राओं के लिए तैयार किए जा रहे मध्याह्न भोजन का स्वयं स्वाद चखकर उसकी गुणवत्ता की समीक्षा की। भोजन की गुणवत्ता में आवश्यक सुधार हेतु जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, मध्याह्न भोजन एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी, बक्सर को आवश्यक निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के क्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक/शिक्षिकाएँ उपस्थित पाए गए, लेकिन छात्र-छात्राओं की उपस्थिति कम पाई गई। वहीं विद्यालय में साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल, विद्युत, रंग-रोगन एवं चहारदीवारी की व्यवस्था भी असंतोषजनक पाई गई। इस पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित प्रधानाध्यापक से कारण-पृच्छा करने का निर्देश दिया।जिला पदाधिकारी ने प्रधानाध्यापक को सभी वर्गों में पर्याप्त छात्र-छात्राओं का नामांकन सुनिश्चित करने तथा विद्यालय में नियमित रूप से अनुपस्थित रहने वाले छात्र-छात्राओं के अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें विद्यालय लाने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण एवं नियमित पठन-पाठन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने विद्यालय में अभिभावक-शिक्षक बैठक नियमित रूप से एवं गंभीरता के साथ आयोजित करने का भी सख्त निर्देश दिया, ताकि बच्चों की उपस्थिति एवं शैक्षणिक प्रगति की नियमित समीक्षा की जा सके।विद्यालय तक सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पहुंच पथ के निर्माण हेतु संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि विद्यालय में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं में अपेक्षित सुधार करते हुए छात्र-छात्राओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर उपस्थित थे।



