OTHERS

जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से किया छठ घाटों का निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा निर्देश

बक्सर पब्लिक न्यूज:- जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला एवं पुलिस अधीक्षक बक्सर, श्री शुभम आर्य द्वारा बक्सर नगर क्षेत्र के प्रमुख छठ घाटों का गंगा नदी में नाव के माध्यम से संयुक्त निरीक्षण किया गया। इस दौरान विभिन्न घाटों पर छठ पूजा की तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के क्रम में कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बक्सर को सभी छठ घाटों एवं वहां तक पहुंचने वाले रास्तों की समुचित साफ-सफाई, पानी में बैरिकेडिंग, अधिक गहराई वाले स्थानों पर चेतावनी हेतु लाल झंडे लगाने तथा पर्याप्त रोशनी एवं माइकिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। घाटों के किनारे ऐसी प्रकाश व्यवस्था करने पर विशेष जोर दिया गया, जिससे पानी में भी पर्याप्त रोशनी रहे और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।इसके अतिरिक्त घाटों पर चेंजिंग रूम, अस्थायी शौचालय एवं यूरिनल, आवश्यकतानुसार रास्तों की मरम्मति, ड्रॉप गेट तथा अधिक भीड़ वाले घाटों पर निर्धारित स्थलों पर वाच टावर का निर्माण कराने का निर्देश दिया गया। नगर क्षेत्र के छठ घाटों एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित हाई मास्ट लाइटों की जांच कर उन्हें दुरुस्त कराने को भी कहा गया।सुरक्षा एवं निगरानी के दृष्टिकोण से घाटों पर सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन कैमरे के माध्यम से निगरानी तथा अस्थायी नियंत्रण कक्ष स्थापित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं ससमय सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।

सिविल सर्जन, बक्सर को छठ घाटों पर चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति एवं बोट क्लिनिक की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं, अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बक्सर को छठ पूजा के दौरान सुचारु यातायात प्रबंधन एवं विधि-व्यवस्था संधारण हेतु पर्याप्त पुलिस बल एवं आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

जिला प्रशासन द्वारा छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशों का ससमय अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु निदेशित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button