सागराव रामलीला में अहिल्या उद्धार और पुष्प वाटिका प्रसंग का मंचन


बक्सर पब्लिक न्यूज:- राजपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सागराव श्री रामलीला समिति सागराव द्वारा आयोजित रामलीला में सोमवार को अहिल्या उद्धार, श्रीराम-लक्ष्मण के जनकपुर आगमन, पुष्प वाटिका और माता सीता द्वारा माता गौरी पूजन की लीला का भावपूर्ण मंचन हुआ।
कथा प्रसंग के अनुसार विश्वामित्र मुनि के साथ श्रीराम-लक्ष्मण के आश्रम पहुंचने पर चरण रज के स्पर्श से शिला बनी अहिल्या का उद्धार हो गया। इस दृश्य पर पंडाल जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। इसके बाद राम-लक्ष्मण जनकपुर पहुंचे, जहां पुष्प वाटिका में श्रीराम और माता सीता का प्रथम दर्शन हुआ। माता सीता द्वारा सखियों संग गौरी मंदिर में पूजा-अर्चना कर मनोवांछित वर मांगने के प्रसंग ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
आज की लीला में राम की भूमिका में अमृत पांडेय, लक्ष्मण में सत्यम पांडेय, विश्वामित्र मुनि में अजय कुमार पांडेय, माली-मालिन में संतोष कुमार पांडेय व झूना उपाध्याय, माता सीता में शिवम् पांडेय और अहिल्या की भूमिका में झूना उपाध्याय रहे। कलाकारों के सजीव अभिनय की दर्शकों ने खूब सराहना की। बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रद्धालु उपस्थित रहे।



