CRIME

बड़ी खबर:- नाबालिक छात्रा से दुष्कर्म के नामजद आरोपी शिक्षक गिरफ्तार

बक्सर पब्लिक न्यूज:- बक्सर जिले के नथुनी अहीर का डेरा मध्य विद्यालय से जुड़े नाबालिग छात्रा से कथित दुष्कर्म और वीडियो बनाए जाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. मामले के मुख्य आरोपित शिक्षक अरविंद कुमार को ब्रह्मपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है. ब्रह्मपुर थानाध्यक्ष ने अरविंद कुमार की गिरफ्तारी की पुष्टि की है. गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे थाने लाकर पूछताछ कर रही है.

मामले में एक अन्य शिक्षक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है. पुलिस अब पूरे घटनाक्रम, कथित वीडियो और आरोपों से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है.

प्रधानाध्यापक की भी हो चुकी है गिरफ्तारी

इस मामले में विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहम्मद इमाम अली अंसारी को भी पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है. इसके बाद मामले ने शिक्षा विभाग के स्तर पर भी गंभीर रूप ले लिया है.

वहीं, विद्यालय के दो शिक्षकों अरविंद कुमार और वीरेंद्र प्रसाद को शिक्षा विभाग ने पहले ही निलंबित कर दिया था. विभागीय आदेश में दोनों के खिलाफ छात्राओं से कथित दुर्व्यवहार, आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने और धमकी से जुड़े गंभीर आरोपों का उल्लेख किया गया है. विभाग ने प्रथम दृष्टया आरोपों को सही पाए जाने के बाद निलंबन की कार्रवाई की थी.

राजकीय सम्मान की अनुशंसा रद्द

मामले के बीच विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहम्मद इमाम अली अंसारी के राजकीय पुरस्कार के लिए भेजे गए नाम की अनुशंसा भी अब रद्द कर दी गई है. इससे पहले उनका नाम राजकीय सम्मान के लिए जिला शिक्षा कार्यालय की ओर से भेजी गई सूची में शामिल था.

जिला शिक्षा पदाधिकारी इंद्र कुमार कर्ण ने पहले स्पष्ट किया था कि प्रधानाध्यापक का नाम घटना सामने आने से पहले ही पुरस्कार के लिए भेजा गया था. हालांकि, अब उनकी गिरफ्तारी के बाद राजकीय सम्मान की अनुशंसा रद्द किए जाने की कार्रवाई सामने आई है.

फिलहाल मुख्य आरोपित शिक्षक की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की पूछताछ और आगे की कार्रवाई पर नजर है. मामले में लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button