शर्मनाक: दो शिक्षकों पर छात्राओं के साथ छेड़खानी करने के आरोप दोनों निलंबित


बक्सर पब्लिक न्यूज:- बक्सर जिला शिक्षा पदाधिकारी से प्राप्त सूचना के अनुसार प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, डुमरांव के पत्रांक 771 दिनांक 31.08.2026 के माध्यम से मध्य विद्यालय, नथुनी अहिर के डेरा, प्रखंड डुमरांव में पदस्थापित एवं कार्यरत सहायक शिक्षक श्री विरेन्द्र प्रसाद एवं विद्यालय अध्यापक श्री अरविन्द कुमार के विरुद्ध ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर गंभीर आरोपों से संबंधित प्रतिवेदन उपलब्ध कराया गया।
आवेदन के माध्यम से उक्त शिक्षकों पर छात्राओं के साथ छेड़खानी करने, आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने तथा ऑडियो के माध्यम से धमकी देने सहित अन्य गंभीर आरोप लगाए गए हैं।प्रधानाध्यापक, मध्य विद्यालय, नथुनी अहिर के डेरा द्वारा उपलब्ध कराए गए प्रतिवेदन में उल्लेख किया गया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वायरल वीडियो में दिखाई दे रही लड़की उक्त विद्यालय में अध्ययनरत छात्रा नहीं है।संबंधित शिक्षक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने हेतु अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
इस संदर्भ में संबंधित प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण की मांग करते हुए आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देश दिया गया है। साथ ही राजकीय शिक्षक पुरस्कार 2026 हेतु बक्सर जिले से चयनित मु० इमाम अली अंसारी, प्रधानाध्यापक, मध्य विद्यालय, नथुनी अहिर के डेरा, प्रखंड डुमरांव को पुरस्कार से वंचित करने हेतु विभाग को पत्र भेज दिया गया है।संबंधित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी से भी कारण पृच्छा की गई है।



