CRIME

आवासीय घर पर गिरी आकाशीय बिजली, बाल-बाल बचे परिजन

बक्सर पब्लिक न्यूज :- बक्सर जिला अंतर्गत नावानगर प्रखंड क्षेत्र के मौडिहां गांव में कृष्ण जन्माष्टमी की आधी रात तेज गर्जना के साथ एक घर पर आकाशीय बिजली गिरने से अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि घटना के समय घर में मौजूद सभी परिजन सुरक्षित बच गए। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, आकाशीय बिजली गिरने से मकान की दीवार में दरार आ गई, जिससे परिवार के लोगों में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की देर रात मौडिहां गांव निवासी कमता बिंद के घर पर अचानक तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी। बिजली गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग भी सहम गए। घटना के बाद कुछ देर के लिए गांव में अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर घर के अंदर मौजूद परिजनों का हाल जाना। सभी को सुरक्षित देखकर लोगों ने राहत की सांस ली।

बताया जाता है कि आकाशीय बिजली गिरने से मकान की दीवार में दरार आ गई है। इसके अलावा घर को भी नुकसान पहुंचा है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस समय बिजली गिरी, उस वक्त मौसम खराब था और तेज गर्जना हो रही थी। अचानक हुए इस हादसे से परिवार के लोग काफी भयभीत हो गए।ग्रामीणों ने बताया कि यदि बिजली गिरने के समय कोई व्यक्ति उसकी चपेट में आ जाता तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से मकान को हुए नुकसान का जायजा लेकर पीड़ित परिवार को उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। घटना के बाद से कमता बिंद के परिवार में भय का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button