इटाढ़ी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का जिला पदाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण


बक्सर पब्लिक न्यूज:- बक्सर जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला द्वारा इटाढ़ी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के क्रम में विद्यालय में साफ-सफाई, भवनों का रंग-रोगन, फर्श एवं दीवारों की स्थिति, पेयजल व्यवस्था, नामांकन तथा आगंतुकों एवं छात्राओं के आगमन से संबंधित अभिलेखों की स्थिति असंतोषजनक पाई गई। इस पर जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारी से कारण-पृच्छा करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा छात्राओं के उत्साहवर्धन के उद्देश्य से उनके बीच कलम एवं कॉपियों का वितरण किया गया। साथ ही, उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए पढ़ाई-लिखाई के प्रति सकारात्मक सुझाव एवं मार्गदर्शन दिया गया।उल्लेखनीय है कि इस विद्यालय की छात्राएँ +2 उच्च विद्यालय, इटाढ़ी में अध्ययनरत हैं। वहाँ पुलिस अधीक्षक, बक्सर द्वारा छात्राओं से विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई। साथ ही, उन्हें साइबर क्राइम, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, व्यक्तिगत सुरक्षा, शिक्षा एवं रहन-सहन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
छात्राओं को बताया गया कि शिक्षा से संबंधित किसी भी समस्या की जानकारी अपने शिक्षकों को दें। किसी व्यक्तिगत समस्या, भयभीत किए जाने, प्रलोभन दिए जाने अथवा किसी अन्य प्रकार की परेशानी की स्थिति में अपने शिक्षक एवं परिजनों को अवश्य सूचित करें। समस्या का समाधान नहीं होने की स्थिति में वरीय पदाधिकारियों को भी सूचित करें, ताकि तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।छात्राओं को डायल-112, 1098 एवं 1930 के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही, बाल विवाह एवं अन्य समस्याओं के संबंध में भी खुलकर जानकारी साझा करने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें अवगत कराया गया कि उनकी पहचान गोपनीय रखते हुए आवश्यक सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी।निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक, बक्सर, सहायक समाहर्ता, बक्सर, विशेष कार्य पदाधिकारी, बक्सर, प्रखंड विकास पदाधिकारी, बक्सर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



