CRIME

छुट्टी पर घर आए फौजी ने फांसी लगाकर दी जान, ग्रामीणों में दांपत्य विवाद की चर्चा

बक्सर पब्लिक न्यूज:- बक्सर जिला अंतर्गत नावानगर थाना क्षेत्र के धवछुआ गांव में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद एक सैनिक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी शुक्रवार की सुबह उस समय हुई, जब परिजन के काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर उसे जगाने पहुंचे। कमरे का दरवाजा खोलकर देखा तो सैनिक पंखे के सहारे फंदे से लटका हुआ था। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान धवछुआ गांव निवासी बृजबिहारी साह के 32 वर्षीय पुत्र पंकज कुमार गुप्ता के रूप में हुई है।

वह भारतीय सेना में कार्यरत था। परिजनों के अनुसार पंकज कुमार 6 अगस्त को छुट्टी लेकर अपने गांव आया था। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना की सूचना मिलते ही नावानगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजनों ने शव को फंदे से उतारकर जमीन पर रख दिया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि घटना की बारिकी से जांच के लिए एसएफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया था। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। वहीं, सैनिक की मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button