OTHERS

हड़ताल अवधि की राशि कटने पर सफाईकर्मियों ने किया धरना-प्रदर्शन

ईओ के आश्वासन के बाद काम पर लौटे सफाईकर्मी, शुक्रवार दोपहर तक भुगतान का भरोसा

बक्सर पब्लिक न्यूज:- डुमरांव नगर परिषद के सफाईकर्मियों ने गुरुवार की सुबह नगरपालिका बाजार कैंपस में धरना देकर कार्य बाधित कर दिया। सफाईकर्मी हड़ताल अवधि की राशि में कटौती किए जाने से नाराज थे। बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के नेतृत्व में संयुक्त संघर्ष मोर्चा द्वारा आहूत राज्यव्यापी हड़ताल के दौरान नगर परिषद के साथ हुई वार्ता में हड़ताल अवधि का भुगतान करने पर सहमति बनी थी।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बुधवार को सफाईकर्मियों के बैंक खातों में जुलाई और अगस्त माह का भुगतान किया जाना था। सफाईकर्मियों का आरोप था कि भुगतान के दौरान हड़ताल अवधि में एनजीओ द्वारा पहले से भुगतान की गई राशि को काट लिया गया। इससे कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ गया और गुरुवार की सुबह उन्होंने नगरपालिका बाजार कैंपस में काम रोककर धरना शुरू कर दिया।

बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ, डुमरांव शाखा इकाई के सचिव शिव शंकर तिवारी और युवा माले नेता सर्वेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में सफाईकर्मियों ने पहले कटौती की गई राशि का मामला सुलझाने की मांग की। सूचना पर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राहुलधर दुबे और नगर स्वच्छता अधिकारी राजीव रंजन मौके पर पहुंचे।

सफाईकर्मियों और नगर परिषद के अधिकारियों के बीच हुई वार्ता में एनजीओ द्वारा काटी गई राशि को वापस भुगतान करने पर सहमति बनी। कार्यपालक पदाधिकारी राहुलधर दुबे ने सफाईकर्मियों को बताया कि हड़ताल अवधि का भुगतान करने का आदेश एनजीओ को दिया गया था। उनके अनुसार, गलती से कंपनी द्वारा उक्त राशि काट ली गई है। उन्होंने अधिकतम शुक्रवार की दोपहर तक सभी सफाईकर्मियों के खातों में कटौती की गई राशि का भुगतान होने का आश्वासन दिया।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद सफाईकर्मियों ने धरना समाप्त कर कार्य शुरू कर दिया। मौके पर दीपक बास्फोर, कृष्णा बसफोर, मिथिलेश राम, धर्मेन्द्र डोम, संजीत यादव, संजय सिंह सहित नगर परिषद के तमाम सफाईकर्मी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button