मुख्यमंत्री के द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘नशा मुक्त बिहार अभियान’ का किया गया शुभारंभ


बक्सर पब्लिक न्यूज:- जिले में एम.वी. कॉलेज बक्सर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला एवं पुलिस अधीक्षक बक्सर, श्री शुभम आर्य सम्मिलित हुए।इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त करना, आमजन के बीच नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विशेष रूप से युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है। नशा व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके पारिवारिक जीवन, सामाजिक प्रतिष्ठा और आर्थिक स्थिति पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। इसके दुष्परिणामों से परिवार और समाज दोनों प्रभावित होते हैं। ऐसे में नशामुक्त समाज का निर्माण करना सामूहिक जिम्मेदारी है।कार्यक्रम के माध्यम से नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने तथा समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया। नशामुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन, पुलिस, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों, युवाओं एवं आम नागरिकों की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है।
जिला प्रशासन बक्सर द्वारा नशामुक्त बिहार अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने, लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करने पर बल दिया जा रहा है।इस अभियान की सफलता के लिए आवश्यक है कि प्रत्येक नागरिक नशे से दूर रहने का संकल्प ले तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करे।विशेष रूप से युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों, शिक्षा, खेलकूद एवं रचनात्मक कार्यों से जोड़कर नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए।जिला प्रशासन बक्सर आम नागरिकों से अपील करता है कि वे ‘नशा मुक्त बिहार अभियान’ में सक्रिय सहभागिता निभाएं तथा नशामुक्त, स्वस्थ एवं सशक्त बिहार के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।



