इटाढ़ी के लाल टार्जन दीवाना का छठ गीत “उगी हे सूरज देव” हुआ रिलीज, यूट्यूब पर मचा रहा धमाल

बक्सर पब्लिक न्यूज:- इटाढ़ी प्रखंड क्षेत्र के लोधास गांव निवासी भोजपुरी गायक टार्जन दीवाना का नया छठ गीत “उगी हे सूरज देव” रिलीज होते ही चर्चा में आ गया है। छठ पूजा स्पेशल इस गीत को आरा फिल्म्स के बैनर तले जारी किया गया है।
गायक टार्जन दीवाना ने अपनी मधुर आवाज में छठी मइया और भगवान भास्कर की महिमा का बखान किया है। गीत में छठ व्रत की पवित्रता, आस्था और बिहार की संस्कृति को बेहद खूबसूरती से दिखाया गया है। पोस्टर में छठ घाट का मनोरम दृश्य और टार्जन का पारंपरिक लाल कुर्ते में प्रणाम करती हुई तस्वीर लोगों को खूब भा रही है।
रिलीज के साथ ही यह गीत सोशल मीडिया और यूट्यूब पर तेजी से वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों में भी इस गीत को लेकर काफी उत्साह है। गांव के युवा गायक के इस प्रयास की सराहना कर रहे हैं।
टार्जन दीवाना ने बताया कि छठ हमारे लिए सिर्फ पर्व नहीं, बल्कि आस्था का महापर्व है। इस गीत के माध्यम से उन्होंने छठी मइया के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करने की कोशिश की है। उन्होंने सभी श्रोताओं से गीत को सुनने और आशीर्वाद देने की अपील की है।



