OTHERS

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए 25 अक्टूबर को सभी मतदान केदो पर लगेगा विशेष कैंप

बक्सर पब्लिक न्यूज:- मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों और युवा मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत 25 अक्टूबर को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाया जाएगा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी साहिला ने सोमवार को समीक्षा बैठक में इस संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित बैठक में निर्वाचक सूची के सतत अद्यतीकरण कार्य की समीक्षा की गई। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आयोजित इस बैठक में सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और उप निर्वाचन पदाधिकारी शामिल हुए। डीएम ने निर्देश दिया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, उनकी सूची तैयार की जाए। बीएलओ के माध्यम से घर-घर सत्यापन भी कराया जाए। इसका उद्देश्य मतदाता सूची से वंचित पात्र नागरिकों की पहचान कर उनका पंजीकरण सुनिश्चित करना है।

विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद अब तक पांच या उससे कम प्रपत्र-8 प्राप्त करने वाले मतदान केंद्रों पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया। संबंधित बीएलओ को अधिक से अधिक प्रपत्र-6 प्राप्त करने के लिए निर्देशित करने का आदेश दिया गया। प्रपत्र-6 का उपयोग मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए किया जाता है। बैठक में पात्र युवा मतदाताओं सहित उन सभी नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर दिया गया, जो अब तक पंजीकरण से वंचित हैं। अधिकारियों को अभियान की प्रभावी निगरानी करने और निर्धारित समय पर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया। बैठक में जिले के सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और उप निर्वाचन पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button