सौर ऊर्जा एवं पीएम सूर्य घर योजना को बढ़ावा देने हेतु नगर भवन, बक्सर में सौर मेले का आयोजन


बक्सर पब्लिक न्यूज :- बक्सर में सौर ऊर्जा एवं पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को प्रोत्साहित करने, जन-जागरूकता बढ़ाने तथा जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिनांक 03 सितम्बर 2026 को नगर भवन, बक्सर में सौर मेले का आयोजन किया गया।कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला पदाधिकारी, बक्सर श्रीमती साहिला द्वारा समाहरणालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर सोलर रथ को रवाना किया गया। इसके पश्चात जिला पदाधिकारी द्वारा दीप प्रज्वलित कर सौर मेले का विधिवत शुभारंभ किया गया।इस अवसर पर पीएम सूर्य घर योजना के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले मीटर रीडर्स एवं सुपरवाइजर्स को जिला पदाधिकारी द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा उपस्थित लोगों को सौर ऊर्जा के लाभ एवं पीएम सूर्य घर योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि लोग अपने घरों की छतों पर पीएम सूर्य घर योजना के माध्यम से सोलर पैनल लगवाकर स्वच्छ एवं प्रदूषण रहित ऊर्जा का उत्पादन कर सकते हैं तथा इससे अपने बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी ला सकते हैं।उन्होंने मेले में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे स्वयं अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगवाएं तथा समाज के सभी वर्गों को पीएम सूर्य घर योजना का लाभ लेने एवं सौर पैनल स्थापित करने के लिए प्रेरित करें।
जिले में अधिक से अधिक घरों की छतों पर सोलर पैनल स्थापित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी द्वारा “मिशन प्रभाकिरण”की शुरुआत की गई। मिशन प्रभाकिरण के माध्यम से जिला पदाधिकारी ने जिले के प्रत्येक नागरिक से अपील की कि वे अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाएं और बक्सर को स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी जिला बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।सौर मेले में आए लोगों द्वारा सौर ऊर्जा, सोलर पैनल की स्थापना, पीएम सूर्य घर योजना के लाभ एवं इससे संबंधित प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की गई।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, बक्सर; मुख्य अभियंता (परियोजना), सा०बि०पा०डि०कं०लि., पटना; सहायक समाहर्त्ता, बक्सर; वरीय उप समाहर्त्ता, बक्सर; विद्युत अधीक्षण अभियंता, आरा; कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, बक्सर; जिला अग्रणी बैंक के पदाधिकारी; विभिन्न बैंकों के पदाधिकारी; बक्सर नगर क्षेत्र के सभी वार्ड पार्षद; डुमराँव नगर क्षेत्र के सभी वार्ड पार्षद; नगर अध्यक्ष; बक्सर जिले की सभी पंचायतों से आए मुखिया एवं सोलर वेंडर्स सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।



