पशुपालक के गौशाला में लगी आग,जलने से गर्भवती भैंस की मौत


बक्सर पब्लिक न्यूज:- बक्सर जिला अंतर्गत राजपुर थाना क्षेत्र के नागपुर पंचायत अंतर्गत पिपरा गांव में सोमवार की रात एक दर्दनाक हादसा हो गया. पशुपालक प्रभु राम के झोपड़ीनुमा घर में अचानक आग लग जाने से एक गर्भवती भैंस की जलकर मौत हो गई, जबकि दूसरी भैंस गंभीर रूप से झुलस गई है.मिली जानकारी के अनुसार, पशुपालक किसान रात में पशुओं को चारा-पानी देने के बाद सोने चले गए थे.मच्छरों से बचाव के लिए उन्होंने पास ही अलाव जला रखा था.आशंका जताई जा रही है कि अलाव से उठी चिंगारी के कारण झोपड़ी में आग लग गई।
तेज हवा चलने की वजह से आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया.आग की ऊंची लपटें देखकर ग्रामीणों ने शोर मचाना शुरू किया और कड़ी मशक्कत व घंटों प्रयास के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि, तब तक खूंटे से बांधी गई एक गर्भवती भैंस की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो चुकी थी, वहीं दूसरी भैंस बुरी तरह झुलस गई जिसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.घटना की जानकारी मिलते ही पैक्स अध्यक्ष अंगद सिंह मौके पर पहुंचे और तुरंत इसकी सूचना सरकारी पशु चिकित्सक को दी. पैक्स अध्यक्ष ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए अग्निपीड़ित किसान प्रभु राम के लिए सरकार से जल्द से जल्द उचित मुआवजे की मांग की है।


