बधार में मिला लापता युवक के शव जांच पड़ताल में जुटी पुलिस


बक्सर पब्लिक न्यूज:- बक्सर जिले अंतर्गत इटाढ़ी थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शनिवार की शाम घर से लापता हुए युवक का शव रविवार की सुबह नेटुआ वीर बाबा के समीप बधार से बरामद किया गया। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी मच गई और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव बधार में फेंके जाने की आशंका जताई है।
मृतक की पहचान इटाढ़ी निवासी स्व. पारस चौधरी के पुत्र उपेंद्र चौधरी के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार, उपेंद्र शनिवार की शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। रविवार को करीब 11 बजे परिजन पुलिस को सूचना देने की तैयारी में थे, तभी बधार में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने के बाद परिजनों ने शव की पहचान उपेंद्र के रूप में की।
शव मिलने की सूचना पर इटाढ़ी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से संभावित साक्ष्य जुटाए। पुलिस युवक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के क्षेत्र के साथ ही उसके घर से लापता होने के घटनाक्रम की भी जांच कर रही है। उपेंद्र दो भाइयों में छोटा था और पढ़ाई करता था। उसका बड़ा भाई ट्रैक्टर चलाने के साथ खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। उपेंद्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इटाढ़ी थानाध्यक्ष सोनू पासवान ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी गई। फोरेंसिक टीम के माध्यम से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है।


