OTHERS

सेना में जेसीओ बनकर गांव लौटे जयप्रकाश,अपने ही स्कूल में मिला सम्मान

पूर्व छात्र की कामयाबी पर झूम उठा एमडीजे पब्लिक स्कूल, तिरंगा लेकर विद्यार्थियों ने किया स्वागत

बक्सर पब्लिक न्यूज:- मेहनत और लगन से हासिल की गई सफलता जब अपने ही शिक्षण संस्थान के आंगन में सम्मान के रूप में लौटती है, तो वह दूसरे विद्यार्थियों के लिए मिसाल बन जाती है। एमडीजे पब्लिक स्कूल सोनवर्षा के पूर्व छात्र जयप्रकाश ने भारतीय सेना में जूनियर कमीशंड ऑफिसर (जेसीओ) बनकर ऐसी ही मिसाल पेश की है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित कर उनका भव्य स्वागत किया गया।जयप्रकाश के आगमन को यादगार बनाने के लिए विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विशेष तैयारी की थी।

ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थियों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। छात्राओं ने तिलक लगाकर सम्मान प्रकट किया। स्वागत के दौरान पूरा परिसर उत्साह और देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।समारोह में विद्यालय के निदेशक डॉ. नंद कुमार सिंह ने जयप्रकाश को अंगवस्त्र, माला और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। उनके पिता संतोष कुमार सिंह को भी सम्मानित किया गया। निदेशक ने कहा कि जयप्रकाश की उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि विद्यालय के लिए भी गौरव का विषय है। उन्होंने नर्सरी से दसवीं तक इसी विद्यालय में शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद पॉलिटेक्निक और बीटेक की पढ़ाई पूरी कर पहले ही प्रयास में भारतीय सेना में जेसीओ के पद पर चयन हासिल किया।

उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देना है। विद्यालय के कई पूर्व छात्र आज प्रशासनिक सेवाओं, चिकित्सा, इंजीनियरिंग और सेना जैसे क्षेत्रों में अपनी पहचान बना चुके हैं।इस दौरान जयप्रकाश ने अपने शिक्षकों का चरणस्पर्श कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने विद्यार्थियों के बीच मिठाइयां बांटते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। नियमित अध्ययन, अनुशासन और कठिन परिश्रम से ही मंजिल प्राप्त की जा सकती है। उनके पिता संतोष कुमार सिंह ने भी बेटे की सफलता में विद्यालय के शिक्षकों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया।प्राचार्य ए.के. घोष ने जयप्रकाश को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि से विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। कार्यक्रम का संचालन वरीय शिक्षक मुन्ना कुमार ने किया। मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button