केंद्रीय कारा परिसर के प्राथमिक विद्यालय में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा


बक्सर पब्लिक न्यूज:- बक्सर प्राथमिक विद्यालय केंद्रीय कारा परिसर के बच्चों ने शुक्रवार को अपनी कला और प्रतिभा का अच्छा प्रदर्शन किया। स्कूली छात्रों में कला एवं संस्कृति के विकास को लेकर विशेष रंगोली प्रतियोगिता सह प्रदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस रचनात्मक कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के प्रधानाध्यापक मंतोष कुमार खरगवंशी द्वारा किया गया।इस अवसर पर बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रधानाध्यापक ने कहा कि इस तरह के पर्व-त्योहारों के आयोजनों के माध्यम से बच्चों को अपनी कला का प्रदर्शन करने का अवसर मिलता है। इससे न सिर्फ उनके भीतर छिपी प्रतिभा का निखार होता है, बल्कि सांस्कृतिक जुड़ाव भी मजबूत होता है।
रंगोली प्रतियोगिता में विद्यालय के कई छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी कल्पनाशीलता से आकर्षक रंगोली बनाई। इस कला प्रदर्शन में प्रिंस कुमार, अंश कुमार, युवराज पासवान, आदित्य, नंदनी, सोनाक्षी, आर्यन और रानी द्वारा बनाई गई रंगोलियां विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिनकी सभी ने सराहना की।कार्यक्रम के दौरान बच्चों में काफी उत्साह देखा गया। शिक्षकों ने भी बच्चों की रचनात्मकता की प्रशंसा की। अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को शिक्षिका अर्चना यादव मुनि कुमारी के द्वारा प्रोत्साहित किया गया।



