बड़ी खबर : रसोई गैस ब्लास्ट से पक्के मकान की दीवार गिरी, दो लोग घायल


बक्सर पब्लिक न्यूज:- धनसोई थाना क्षेत्र के रसेन पंचायत अंतर्गत खेमपुर गांव में शुक्रवार की सुबह रसोई गैस ब्लास्ट करने से पक्के मकान की दीवार टूट गई। हादसे में दो लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान 22 वर्षीय धर्मेंद्र कुमार एवं 55 वर्षीय रमाकांत राम के रूप में की गई है।घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार रमाकांत राम के घर पर सुबह में रसोई गैस पर खाना बन रहा था। तभी अचानक कहीं से गैस लीक होते ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। जिसे देख परिजनों ने बालू-मिट्टी एवं अन्य सामान से बुझाने का प्रयास किया। तब तक आग का विकराल रूप देखकर लोग घर से बाहर निकलने लगे।
इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर भी बम के धमाके की आवाज की तरह ब्लास्ट कर गया। इसमें पक्के मकान की दीवार ध्वस्त होकर गिर पड़ी, जिसमें दोनों घायल हो गए।धमाके की आवाज सुनकर आस-पड़ोस एवं गांव के लोग दौड़े-दौड़े घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल दोनों घायलों को इलाज के लिए राजपुर सीएचसी में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बक्सर रेफर कर दिया गया है।वहीं घटनास्थल पर पहुंचे बसपा नेता राजू चौधरी एवं ग्रामीण बबन राम, सहित अन्य लोगों ने कहा कि यह घटना बहुत ही गंभीर है। इसके लिए सुरक्षा मानकों का ख्याल रखना बहुत जरूरी है। इन लोगों ने सरकार से उचित मुआवजा की भी मांग की है।



