OTHERS

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का प्रभारी सचिव ने किया निरीक्षण, बिजली व्यवस्था की ली जानकारी

अर्जुनपुर में ULA-कुटीर ज्योति लाभार्थी के घर पहुंचे ऊर्जा सचिव, रूफटॉप सोलर के लाभ का लिया फीडबैक

बक्सर पब्लिक न्यूज:- बक्सर प्रभारी सचिव-सह-सचिव, ऊर्जा विभाग एवं अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, BSPHCL अजय यादव ने जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला एवं अन्य वरीय पदाधिकारियों के साथ जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थलीय निरीक्षण किया। प्रभारी सचिव ने प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया तथा स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।निरीक्षण के पश्चात जिला समाहरणालय में आपदा प्रबंधन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में बाढ़ की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्य तथा प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा की गई। प्रभारी सचिव ने संबंधित अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा आपदा की स्थिति में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

राजस्व संग्रहण एवं विद्युत संचालन-अनुरक्षण कार्यों की समीक्षा

समीक्षा बैठक में ऊर्जा सचिव ने जिले में राजस्व संग्रहण तथा विद्युत संचालन एवं अनुरक्षण (O&M) से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद एवं समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया, ताकि स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली विद्युत संबंधी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने डिफेक्टिव मीटरों की स्थिति की भी समीक्षा की। अधिकारियों को खराब मीटरों की मरम्मत अथवा आवश्यकता के अनुसार मीटर बदलने की कार्रवाई निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया गया। सभी कार्यों का निष्पादन विभागीय SOP के अनुरूप समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

अर्जुनपुर में ULA-कुटीर ज्योति योजना का लिया फीडबैक

ऊर्जा सचिव ने बक्सर के अर्जुनपुर गांव पहुंचकर ULA-कुटीर ज्योति योजना के अंतर्गत रूफटॉप सोलर लगाने वाले एक लाभार्थी के घर का निरीक्षण किया। उन्होंने लाभार्थी से सीधे संवाद कर रूफटॉप सोलर से मिल रहे लाभ, विद्युत उपयोग में हो रहे बदलाव तथा योजना के अनुभव की जानकारी ली।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि ULA-कुटीर ज्योति योजना के तहत पात्र लाभार्थियों तक रूफटॉप सोलर का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। साथ ही, योजना के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी करते हुए पात्र परिवारों को योजना से जोड़ने की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।इस अवसर पर जिला प्रशासन एवं विद्युत विभाग के संबंधित वरीय पदाधिकारी एवं अधिकारी उपस्थित थे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button