देवढीया गांव के दो घरों में चोरी, लाखों की संपत्ति पर चोरों ने किया हाथ साफ


बक्सर पब्लिक न्यूज:- राजपुर थाना क्षेत्र के देवरिया गांव में सोमवार-मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। इस घटना में लाखों रुपये की संपत्ति चोरी होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
गांव के पैक्स अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि जिन घरों में चोरी हुई है, वे बिहारी कुशवाहा और प्रेम शंकर बाजपेई के हैं। बताया जा रहा है कि परिवार के लोग रात में घर में सोए हुए थे, इसी दौरान चोरों ने मौका पाकर घर में प्रवेश किया और नकदी, जेवरात समेत कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा देखा, जिसके बाद चोरी की जानकारी हुई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में दहशत का माहौल है।
पीड़ितों ने इस संबंध में राजपुर थाने में लिखित शिकायत दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।


