कुकुढा में शरद पूर्णिमा पर हुआ रावण वध, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा पूरा पंडाल

बक्सर पब्लिक न्यूज:- इटाढी प्रखंड के कुकढ़ा गांव में सोमवार को शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर रामलीला के अंतिम दिन रावण वध का भव्य मंचन किया गया। भगवान राम द्वारा अहंकारी रावण का वध करते ही पूरा परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।

रामलीला कमेटी द्वारा पिछले कई दिनों से रामलीला का आयोजन किया जा रहा था। जिसमें राम जन्म से लेकर सीता हरण, लंका दहन तक की लीलाओं का मंचन किया गया। अंतिम दिन रावण और मेघनाद वध की लीला देखने के लिए आसपास के गांवों से हजारों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे पहुंचे थे।
कलाकारों ने अपने सजीव अभिनय से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जैसे ही राम ने रावण पर तीर चलाया और रावण का पुतला धू-धू कर जलने लगा, दर्शकों ने तालियों और जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय बना दिया।
इस मौके पर आयोजकों ने बताया कि वर्षों से गांव में यह परंपरा चली आ रही है। शरद पूर्णिमा के दिन रावण वध कर बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया जाता है। कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व से चली आ रही परंपरा के अनुसार यहां विजयादशमी के बजाय शरद पूर्णिमा के दिन रावण के पुतला जलाया जाता है।



