ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों का जिला अधिकारी ने किया निरीक्षण,विकास एवं रख-रखाव को लेकर दिए आवश्यक निर्देश


बक्सर पब्लिक न्यूज:- बक्सर जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला द्वारा जिले में पर्यटन विकास की दृष्टि से विभाग को समर्पित विस्तृत कार्ययोजना के आलोक में महत्वपूर्ण स्थलों जैसे चौसा का लड़ाई मैदान, बक्सर का लड़ाई मैदान एवं रामरेखा घाट का निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, कनीय अभियंता, बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं नगर निकाय के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।चौसा लड़ाई मैदान के निरीक्षण के क्रम में पार्क की साफ-सफाई, जन सुविधाओं की उपलब्धता एवं समुचित रख-रखाव सुनिश्चित करने हेतु कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत चौसा को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बक्सर लड़ाई मैदान के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, साइनेज एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। परिसर में अवस्थित शिलालेखों को सुरक्षित रखने के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। स्वच्छता पदाधिकारी, नगर परिषद बक्सर को अविलंब साफ-सफाई कराते हुए स्थल के उचित रख-रखाव का निर्देश दिया गया। साथ ही ऐतिहासिक स्थल तक पहुँच पथ की मरम्मति संबंधित विभाग से कराने तथा पथ की नियमित साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं साइनेज की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
रामरेखा घाट के समीप निर्माणाधीन एक्सपीरियंस सेंटर के निर्माण कार्य की प्रगति का भी निरीक्षण किया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा कार्यकारी एजेंसी को निर्माण कार्य में अपेक्षित प्रगति लाने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही कार्यस्थल पर कार्यरत श्रमिकों के लिए स्वच्छ पेयजल एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।



