वोट चोर ज्ञानेश–मोदी–शाह गद्दी छोड़ो” के नारों से गूंजा डुमरांव
असंवैधानिक SIR रद्द करने और काटे गए नामों को मतदाता सूची में जोड़ने की मांग


बक्सर पब्लिक न्यूज:- डुमरांव,असंवैधानिक SIR के खिलाफ बुधवार को इंडिया गठबंधन के संयुक्त नेतृत्व में डुमरांव प्रखंड मुख्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान “वोट चोर ज्ञानेश–मोदी–शाह गद्दी छोड़ो”, “असंवैधानिक SIR रद्द करो”, “SIR के बाद हुए सभी चुनाव रद्द करो” तथा “SIR में काटे गए सभी नामों को पुनः मतदाता सूची में शामिल करो” जैसे नारों से डुमरांव गूंज उठा।
विरोध प्रदर्शन से पूर्व शहर में प्रतिरोध मार्च निकाला गया। मार्च मुख्य मार्ग, गोला रोड, शहीद पार्क और नया थाना होते हुए नगर पालिका के सामने पहुंचा, जहां वह सभा में तब्दील हो गया।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मताधिकार लोकतंत्र की बुनियाद है। मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर नाम हटाना नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा हमला है। उन्होंने SIR को तत्काल रद्द करने, हटाए गए सभी पात्र मतदाताओं के नाम पुनः मतदाता सूची में शामिल करने तथा SIR के बाद हुए चुनावों की निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देने की मांग की।
प्रदर्शन के बाद मुख्य बाजार में ज्ञानेश कुमार, नरेंद्र मोदी और अमित शाह के पुतले का दहन किया गया। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर भी जोरदार नारेबाजी हुई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों की बहाली और इस्तीफे की मांग पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
कार्यक्रम में भाकपा-माले के राज्य कमिटी नेता धर्मेन्द्र सिंह, जिला कमिटी सदस्य ललन राम, कन्हैया पासवान, कृष्णा राम, संजय शर्मा, शंकर तिवारी, सर्वेश पाण्डेय, मो. नासिर हसन, शैलेन्द्र पासवान, जाबिर कुरैशी, भगवान दास, धनई राम सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।
वहीं राजद के वरिष्ठ नेता अखिलेश यादव, मनोज कुमार ठाकुर, लाटू यादव, जगनारायण सिंह, मनीष यादव, नागेन्द्र सिंह और मुन्ना खां तथा सीपीआई के ओम प्रकाश सिंह, शमीम मंसूरी, कृष्णा जी, सुदामा जी सहित इंडिया गठबंधन के सैकड़ों कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने प्रदर्शन में भाग लिया।



