भारतीय ऊर्जा परिदृश्य 2047 पर विज्ञान संगोष्ठी आयोजित,14 विद्यालयों के 48 विद्यार्थियों ने लिया भाग


बक्सर पब्लिक न्यूज:- डुमरांव भारतीय ऊर्जा परिदृश्य 2047 : संभावनाएं और चुनौतियां’ विषय पर शनिवार को प्रखंड कार्यालय स्थित सभागार में प्रखंड स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुधांशु कुमार एवं महाजनी मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक शैलेंद्र पाण्डेय ने संयुक्त रूप से किया।
बीआईटीएम, कोलकाता के दिशा-निर्देश तथा एससीईआरटी, पटना के तत्वावधान में आयोजित विज्ञान संगोष्ठी-2026 के लिए प्रखंड स्तर पर प्रतिभागियों के चयन के उद्देश्य से यह कार्यक्रम प्रखंड संसाधन केंद्र के तत्वावधान में आयोजित हुआ। इसमें प्रखंड के 14 विद्यालयों के वर्ग 8 से 10 तक के कुल 48 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता के प्रथम चरण में विद्यार्थियों की वस्तुनिष्ठ परीक्षा ली गई। इसके बाद चयनित प्रतिभागियों ने ‘भारतीय ऊर्जा परिदृश्य 2047 : संभावनाएं और चुनौतियां’ विषय पर अपने मौलिक विचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने ऊर्जा की बढ़ती मांग, नवीकरणीय ऊर्जा, सौर ऊर्जा, ऊर्जा संरक्षण तथा भविष्य की ऊर्जा जरूरतों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखे।
निर्णायक मंडल में सरस्वती विद्या निकेतन, डुमरांव के शिक्षक विमल कुमार सिंह, मध्य विद्यालय पुराना भोजपुर मठिया के प्रधानाध्यापक जितेंद्र प्रसाद वर्मा, उत्क्रमित उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक दिलीप कुमार सिंह, महाजनी मध्य विद्यालय डुमरांव के प्रधानाध्यापक शैलेंद्र पाण्डेय, मध्य विद्यालय डुबुकी की शिक्षिका स्वाती, +2 महारानी उच्च विद्यालय डुमरांव की शिक्षिका ऊषा रानी एवं पूजा कुमारी शामिल रहीं।
प्रतियोगिता में नेहरू स्मारक युगल सिंह उच्च विद्यालय की रिया कुमारी ने प्रथम स्थान, सीपीएसएस उच्च विद्यालय डुमरांव के कनिष्क कुमार ने द्वितीय स्थान तथा उत्क्रमित उच्च विद्यालय कनझरुआं के कल्लू कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का संचालन विमल कुमार सिंह ने किया। आयोजन के दौरान विद्यार्थियों ने विषय के प्रति अपनी समझ, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं अभिव्यक्ति क्षमता का प्रदर्शन किया। चयनित प्रतिभागी आगामी स्तर की विज्ञान संगोष्ठी में प्रखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।



