बक्सर में कार्यपालक सहायकों की बैठक, लंबित मांगों पर जताया आक्रोश


बक्सर पब्लिक न्यूज:- बक्सर में विभिन्न समस्याओं एवं लंबित मांगों को लेकर रविवार को बिहार राज्य कार्यपालक सहायक सेवा संघ, जिला इकाई बक्सर के तत्वाधान में स्थानीय रामलीला मंच पर कार्यपालक सहायकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक की अध्यक्षता संघ के सचिव राजेश कुमार ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए संघ के जिला अध्यक्ष रोहन कुमार ने कहा कि संघ द्वारा लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर लगातार आवाज उठाई जा रही है, लेकिन मांगों के समाधान की दिशा में अब तक सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि कार्यपालक सहायकों से लगातार अतिरिक्त कार्य लिया जा रहा है, फिर भी वेतन विसंगति, सेवा स्थायीकरण सहित कई मांगें लंबित हैं।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि शीघ्र मांगों पर विचार नहीं किया गया तो संघ चरणबद्ध आंदोलन करने को बाध्य होगा।इस मौके पर प्रमोद कुमार सिंह, सत्येंद्र कुमार यादव, बबलू कुमार पासवान, दिलीप कुमार, धनलाल पासवान, राकेश कुमार, विकास कुमार, दीपक कुमार, रत्नेश कुमार सिंह, राजीव कुमार, महेंद्र यादव सहित जिले के बड़ी संख्या में कार्यपालक सहायक उपस्थित थे।



