मलेरिया और डेंगू के नियंत्रण एवं रोकथाम को लेकर चलाया गया विशेष जागरूकता अभियान


बक्सर पब्लिक न्यूज:- राजपुर प्रखंड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सा प्रभारी डॉ. अशोक कुमार एवं डॉ. सुनील कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में मलेरिया और डेंगू के नियंत्रण एवं रोकथाम को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया. कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को सतर्कता बरतने की सलाह दी गई. चिकित्सा अधिकारियों ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र में अभी तक डेंगू का एक भी मरीज नहीं मिला है।जो कि राहत की बात है।
हालांकि, मौसम के बदलाव और मच्छरों के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए पहले से ही पूरी सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है. इसमें किसी भी तरह की लापरवाही भारी पड़ सकती है.डॉक्टरों ने बताया कि हाल के दिनों में हुई बारिश के कारण अक्सर घरों की छतों, पुराने बर्तनों, टायरों और खाली जमीनों पर पानी जमा हो जाता है.ठहरे हुए पानी में मच्छरों का लारवा तेजी से पनपता है, जिससे मलेरिया और डेंगू जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
इसलिए ऐसी सभी जगहों की नियमित सफाई बेहद जरूरी है.सभी स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि वे घर-घर जाकर लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करें. यदि किसी घर या आसपास लारवा मिलता है, तो उसे तत्काल नष्ट करवाते हुए मकान मालिक को आवश्यक सुझाव दें. डेंगू, मलेरिया या किसी भी संदिग्ध बुखार के लक्षण दिखने पर मरीज के खून की जांच तुरंत कराने के निर्देश दिए गए हैं. सैंपल को तत्काल जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजने की व्यवस्था की गई है, ताकि समय पर सही इलाज शुरू कर मरीज की जान बचाई जा सके.इस दौरान स्वास्थ्य कर्मी शिवजनम, गुड्डू पाठक, राधेश्याम, जुबैर अंसारी समेत कई अन्य चिकित्सा कर्मी उपस्थित रहे।



