झोपड़ी में लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख, ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू


बक्सर पब्लिक न्यूज:- बक्सर जिले अंतर्गत राजपुर थाना क्षेत्र के देवढ़िया गांव में शनिवार की रात भीषण आग लगने से एक गरीब परिवार का सब कुछ जलकर राख हो गया। पीड़ित की पहचान अलगू राम के रूप में हुई है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार परिवार के सभी सदस्य रात को खाना खाकर गहरी नींद में सो गए थे। तभी अचानक कहीं से निकली चिंगारी ने उनके झोपड़ीनुमा घर में आग पकड़ ली। आसपास कोई नहीं होने के कारण देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
आग की लपटें उठता देख आसपास के लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर दर्जनों की संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आसपास लगे समरसेबल को चालू कर करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में रखा कपड़ा, अनाज, पशु चारा, बर्तन समेत लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति जलकर राख हो चुकी थी।
घटना के बाद पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है। इस घटना को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सहायता राशि देने की मांग की है।


