CRIME

गायब अधेड़ व्यक्ति के नहर में तैरते मिला शव, जांच पड़ताल में जुटी पुलिस

बक्सर पब्लिक न्यूज:- राजपुर थाना क्षेत्र के बारूपुर पंचायत अंतर्गत बभनी गांव निवासी एक अधेड़ व्यक्ति की नहर में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान बिनोद मुसहर (50 वर्ष), पिता डोमन मुसहर के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार बिनोद मुसहर गुरुवार शाम से ही लापता था। परिजन उसकी खोजबीन कर रहे थे, लेकिन कोई पता नहीं चल पाया। शुक्रवार सुबह भरखरा गांव के पश्चिम स्थित नहर में एक शव तैरता हुआ ग्रामीणों ने देखा। सूचना मिलते ही मौके पर भीड़ जुट गई और परिजनों ने शव की पहचान बिनोद मुसहर के रूप में की।

आशंका जताई जा रही है कि नहर पार करने के दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना पर राजपुर थाना अध्यक्ष निवास कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के स्पष्ट कारणों का पता चल सकेगा।

इधर, बिनोद की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक के पांच पुत्री और एक पुत्र है। उसकी मौत के बाद बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है और घर में कमाने वाला कोई नहीं बचा है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button