OTHERS

प्रखंड में पंचायतों के नए परिसीमन की प्रक्रिया शुरू, 10 सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य

बक्सर पब्लिक न्यूज:- बक्सर जिले के राजपुर प्रखंड की सभी 19 पंचायतों के लिए नए सिरे से परिसीमन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर यह कार्य 10 सितंबर तक हर हाल में पूरा करना है। इसको लेकर प्रखंड प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है।

राज्य निर्वाचन आयोग ने वर्ष 2011 की जनगणना के आंकड़ों के आधार पर ग्राम पंचायतों एवं पंचायत प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों (वार्डों) की सीमा के पुनर्निर्धारण को लेकर आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। आयोग द्वारा जारी पत्र के अनुसार जनसंख्या और भौगोलिक क्षेत्र का यथासंभव समान वितरण सुनिश्चित किया जाना है, ताकि सभी वार्डों में मतदाताओं की संख्या संतुलित रहे।

परिसीमन की इस प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल और त्रुटिरहित बनाने के लिए आयोग ने एक विशेष मोबाइल ऐप तैयार किया है। इस ऐप के माध्यम से इन्यूमरेशन ब्लॉक की चौहद्दी से जुड़े 9 बिंदुओं – उत्तर, दक्षिण, पूर्व, पश्चिम, उत्तर-पूर्व, उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पूर्व, दक्षिण-पश्चिम एवं केंद्र की प्रविष्टि प्रखंड लॉगिन के माध्यम से की जानी है। ऐप पर जीपीएस लोकेशन के साथ चौहद्दी दर्ज करनी होगी, जिससे सीमा निर्धारण में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो।

इस संबंध में बीते दिनों सभी संबंधित कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है और डेमो ऐप भी उपलब्ध कराया गया है।मंगलवार को जानकारी देते हुए राजपुर बीडीओ मनोज कुमार ने बताया कि निर्वाचन विभाग के कर्मियों को प्रशिक्षित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सभी कर्मी मोबाइल ऐप के माध्यम से पंचायतों का सीमांकन कार्य करेंगे। यह कार्य 10 सितंबर तक पूरा करने के बाद विभाग को रिपोर्ट भेजी जाएगी और आयोग के अगले निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button