हिंदुस्तान स्काउट गाइड, के साथ जिला अधिकारी ने किया संवाद, उत्कृष्ट सहभागिता एवं सराहनीय कार्य के लिए किया सम्मानित


बक्सर पब्लिक न्यूज़:- बक्सर जिला पदाधिकारी,श्रीमती साहिला द्वारा समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में आयोजित सम्मान समारोह में हिंदुस्तान स्काउट गाइड, बक्सर के स्वयंसेवकों के साथ संवाद किया गया।इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान उत्कृष्ट सहभागिता एवं सराहनीय सेवाओं के लिए हिंदुस्तान स्काउट गाइड, बक्सर के स्वयंसेवकों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवकों की सेवा-भावना, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व अनुकरणीय है। इस सम्मान से सभी स्काउट-गाइड स्वयंसेवकों में उत्साह एवं प्रेरणा का संचार हुआ।
अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी ने कहा, “स्काउट एवं गाइड केवल एक संगठन नहीं, बल्कि अनुशासन, सेवा, नेतृत्व और राष्ट्रभक्ति का सशक्त माध्यम है। समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में स्वयंसेवकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मुझे विश्वास है कि आप सभी युवा सेवा, समर्पण एवं मानवता की भावना के साथ समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे। जिला प्रशासन आपके प्रत्येक सकारात्मक प्रयास में सदैव आपके साथ खड़ा रहेगा।उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा आयोजित विभिन्न जनहित एवं सामाजिक कार्यक्रमों में स्काउट-गाइड स्वयंसेवकों की सक्रिय एवं उत्कृष्ट सहभागिता को निरंतर प्रोत्साहित किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय, ब्रह्मपुर, उच्च विद्यालय, योगिया, उच्च विद्यालय, कांट-भरखर (ब्रह्मपुर), मध्य विद्यालय, कुकुड़ा, उच्च विद्यालय, मनोहरपुर तथा राजपुर प्रखंड सहित विभिन्न विद्यालयों के स्काउट-गाइड स्वयंसेवक उपस्थित रहे।इस अवसर पर हिंदुस्तान स्काउट गाइड, बक्सर के जिला संगठन आयुक्त, जिला स्काउट कमांडर (ग्रुप कैप्टन), गाइड कैप्टन सहित अन्य पदाधिकारी एवं स्वयं सेवक उपस्थित थे।कार्यक्रम के सफल आयोजन में हिंदुस्तान स्काउट गाइड, बक्सर के सभी स्वयंसेवकों ने सराहनीय सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों द्वारा प्रदर्शित अनुशासन, समर्पण, सेवा-भावना एवं राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना अत्यंत प्रशंसनीय रही।



