दुष्कर्म कांड का खुलासा:- मुख्य नामजद आरोपीय शिक्षक सहित चार गिरफ्तार


बक्सर पब्लिक न्यूज:- कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के सरकारी मध्य विद्यालय से जुड़ा नाबालिग छात्रा के यौन शोषण और कथित वीडियो वायरल होने का मामला अब पुलिस की डिजिटल जांच के केंद्र में आ गया है। घटना की प्राथमिकी दर्ज होने के महज चार दिनों के भीतर पुलिस ने प्रधानाध्यापक समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस की नजर उस मोबाइल और डिजिटल नेटवर्क पर है, जिसके जरिए कथित वीडियो तैयार होने और उसके प्रसारित होने की कड़ी सामने आ सकती है।
मंगलवार को डुमरांव के प्रभारी डीएसपी समीर कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी शिक्षक अरविन्द कुमार का मोबाइल फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कथित वीडियो किस डिवाइस से तैयार हुआ, उसके निर्माण और प्रसार में किन लोगों की भूमिका रही तथा इसे वायरल करने के पीछे कौन-कौन शामिल थे।
फरार शिक्षक की तलाश से स्टेशन तक पहुंची पुलिस
मामले में नामजद शिक्षक वीरेंद्र प्रसाद उर्फ वीरेंद्र पाल गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाना बदल रहा था। तकनीकी अनुसंधान और सूचना तंत्र के आधार पर पुलिस को उसके बक्सर से बाहर जाने की तैयारी की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने बक्सर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार वीरेंद्र को छिपाने और एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने में उसके चचेरे भाई विकास कुमार ने सहयोग किया था। इसके बाद विकास को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इससे पहले पुलिस प्रधानाध्यापक मोहम्मद इमाम अली अंसारी और शिक्षक अरविन्द कुमार को गिरफ्तार कर चुकी थी।
चार दिन में पूरी हुई गिरफ्तारी की कड़ी
पुलिस के मुताबिक 3 सितंबर को छात्रा की मां की शिकायत पर कृष्णाब्रह्म थाना कांड संख्या 162/26 दर्ज की गई थी। एसपी के निर्देश पर विशेष टीम बनाकर तकनीकी साक्ष्य, उपलब्ध जानकारी और मानवीय सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। पुलिस का दावा है कि मामले के सभी नामजद आरोपित अब गिरफ्त में हैं।
अब सामने आएंगे और नाम?
पुलिस की जांच का अगला चरण कथित वीडियो के प्रसार से जुड़े लोगों की पहचान करना है। फॉरेंसिक रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को मामले में अन्य लोगों की भूमिका सामने आने की उम्मीद है। डीएसपी ने स्पष्ट किया कि अनुसंधान में जिसकी भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इधर, 29 अगस्त को विद्यालय पहुंचे ग्रामीणों द्वारा शिक्षकों के साथ मारपीट किए जाने की घटना की भी जांच जारी है। पुलिस ने कहा है कि उस मामले में दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब जल्द अनुसंधान पूरा कर आरोपपत्र दाखिल करने की तैयारी में है।



