विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, 75 हजार रिश्वत लेते BDO गिरफ्तार


बक्सर पब्लिक न्यूज:- बिहार/बांका/फुल्लीडुमर बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग का अभियान तेज हो गया है। इसी कड़ी में गुरुवार को विजिलेंस की टीम ने बांका जिले के फुल्लीडुमर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) अमित प्रताप सिंह को 75 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, एक लाभुक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक सरकारी योजना के भुगतान के लिए बीडीओ द्वारा 75 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। पीड़ित की शिकायत पर निगरानी विभाग ने मामले का गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाया गया।
इसके बाद निगरानी विभाग की विशेष टीम ने योजना बनाकर फुल्लीडुमर में जाल बिछाया। जैसे ही बीडीओ ने रिश्वत की राशि ली, टीम ने उन्हें रंगे हाथों दबोच लिया। तलाशी में उनके पास से रिश्वत के रूप में लिए गए नोट बरामद किए गए हैं, जिन पर पहले से केमिकल लगा हुआ था।
गिरफ्तारी के बाद बीडीओ को पूछताछ के लिए भागलपुर ले जाया गया है। निगरानी विभाग ने उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से जिले के सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है।


