सीएसपी संचालक को पिस्तौल भिड़ाकर 1.15 लाख रुपये कि हुई लूट, जांच पड़ताल में जुटी पुलिस


बक्सर पब्लिक न्यूज:- बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने सोमवार की शाम हथियार के बल पर लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। कठघरवा-पवनी मार्ग पर ढुढ़नी गांव के समीप अपाची बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने सीएसपी संचालक को पिस्तौल भिड़ाकर 1.15 लाख रुपये से भरा थैला और मोबाइल फोन लूट लिया। वारदात के बाद अपराधी उसी रास्ते से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।मिली जानकारी के अनुसार, कमरपुर गांव निवासी रामाश्रय सिंह के 50 वर्षीय पुत्र वीरेंद्र सिंह कुशवाहा पवनी पंचायत भवन के समीप भारतीय स्टेट बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) संचालित करते हैं। वह प्रतिदिन साइकिल से चौसा स्थित एसबीआई शाखा आते-जाते हैं। बताया जाता है कि सोमवार की शाम वीरेंद्र सिंह कुशवाहा ने चौसा एसबीआई शाखा से 1.15 लाख रुपये की निकासी की। रुपये से भरा थैला लेकर वह साइकिल से कठघरवा-ढुढ़नी मार्ग होते हुए घर लौट रहे थे।
जैसे ही वह ढुढ़नी गांव के समीप पहुंचे, पवनी की ओर से एक अपाची बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंच गए। तीनों ने गमछे से अपना चेहरा ढक रखा था। आरोप है कि बदमाशों ने वीरेंद्र सिंह को रोककर उन पर पिस्तौल तान दी। इसके बाद रुपये से भरा थैला और मोबाइल फोन छीन लिया। घटना स्थल सुनसान होने के कारण पीड़ित को तत्काल कोई मदद नहीं मिल सकी। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी बाइक से वापस पवनी- करंहसी की ओर फरार हो गए।कुछ दूरी पर ग्रामीणों के मिलने पर पीड़ित ने उन्हें घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई। पीड़ित द्वारा मंगलवार की दोपहर आवेदन दिया गया है जहा आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।


