सिंचाई के लिए मोटर ठीक कर रहे हैं बिजली मिस्त्री की करंट से हुई मौत, पुलिस ने शब का किराया पोस्टमार्टम


बक्सर पब्लिक न्यूज :- बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कृतपुरा गांव में मंगलवार को बोरिंग की मोटर ठीक करने पहुंचे एक बुजुर्ग मिस्त्री की करंट लगने से मौत हो गई. मृतक की पहचान मलहचकिया गांव निवासी करीब 70 वर्षीय परशुराम चौधरी के रूप में हुई है. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया.
जानकारी के अनुसार परशुराम चौधरी वर्षों से बोरिंग बनाने और मोटर मरम्मत का काम करते थे. मंगलवार को उन्हें कृतपुरा गांव में खेत में लगी बोरिंग की मोटर ठीक करने के लिए बुलाया गया था. काम के दौरान अचानक उनका संपर्क बिजली प्रवाहित तार से हो गया. तेज करंट की चपेट में आते ही उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए. स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाके में बोरिंग या मोटर खराब होने पर सबसे पहले परशुराम चौधरी को ही बुलाया जाता था. अपने अनुभव और मेहनत के कारण वह गांव-गांव में भरोसेमंद मिस्त्री के रूप में पहचाने जाते थे.
मुफस्सिल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. इधर, परशुराम चौधरी की अचानक मौत से मलहचकिया और आसपास के गांवों में शोक की लहर है. परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।


