Blog

मां बसौनी की वार्षिक पूजा में उमड़ा जनसैलाब,कन्या पूजन, हवन और खेलकूद प्रतियोगिता बने आकर्षण का केंद्र

बक्सर पब्लिक न्यूज:- बक्सर जिले अंतर्गत नावानगर प्रखंड के भदार गांव में सोमवार को ग्राम देवी मां बसौनी की वार्षिक पूजा श्रद्धा, आस्था और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच आयोजित पूजा में गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी। महिलाएं पारंपरिक परिधानों में प्रसाद लेकर मंदिर पहुंचीं और परिवार की सुख-समृद्धि तथा गांव की खुशहाली की कामना करते हुए मां बसौनी की पूजा-अर्चना की।

 विद्वान पंडितों ने वैदिक विधि-विधान से हवन और पूजन कराया। इसके बाद ग्रामीणों द्वारा घर-घर से लाए गए पकवान, फल और मिठाइयों का भोग ग्राम देवी को अर्पित किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्वजों के समय से चली आ रही इस परंपरा का निर्वहन आज भी पूरे गांव के सामूहिक सहयोग से किया जाता है। उनका विश्वास है कि मां बसौनी की कृपा से गांव में सुख-शांति, समृद्धि और प्राकृतिक आपदाओं से रक्षा होती है।

पूजा के समापन पर विधिवत कन्या पूजन कर उन्हें भोजन कराया गया। वहीं पूजा समिति की ओर से युवाओं के लिए खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण और मां बसौनी के जयकारों से गूंजता रहा। आयोजन को सफल बनाने में पूजा समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों की सक्रिय भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button