सारण बाढ़ पीड़ितों के लिए बक्सर से भेजी गई राहत सामग्री


बक्सर पब्लिक न्यूज:- बिहार के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन बक्सर द्वारा राहत सामग्री पहुंचाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है. संयुक्त सचिव, आपदा प्रबंधन विभाग तथा जिलाधिकारी के निर्देशानुसार सारण जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए भारी मात्रा में ड्राई राशन सामग्री भेजी गई है. बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए कुल 5000 ड्राई राशन पैकेट उपलब्ध कराने का निर्देश प्राप्त हुआ था।
जिसमें से 4266 ड्राई राशन पैकेट तैयार कर अधिग्रहित वाहनों के माध्यम से रवाना कर दिया गया. प्रति पैकेट राहत सामग्री में चुड़ा,चना, चीनी है.इस पूरी राहत सामग्री को सुरक्षित पहुंचाने और वितरण की व्यवस्था के लिए राजपुर के प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी अभिषेक कुमार पाठक को प्रतिनियुक्त किया गया है. उनकी देखरेख व अभिरक्षण में ही इन ड्राई राशन पैकेजों को अधिग्रहित वाहन के जरिए सारण के आपदा प्रबंधन विभाग को हस्तांतरित करने के लिए भेजा गया है।



