रेलवे कॉलोनी में भीषण चोरी, जांच में जुटी पुलिस


बक्सर पब्लिक न्यूज:- बक्सर मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित नगर की दक्षिणी रेलवे कॉलोनी में शनिवार देर रात हुई भीषण चोरी की वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी. चोरों ने रेलवे टेक्नीशियन महेंद्र तिर्की के घर में घुसकर करीब 8.50 लाख रुपये की संपत्ति के साथ मोबाइल फोन भी चोरी कर लिया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वारदात रात करीब 2 बजे के आसपास अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।बताया जाता है कि महेंद्र तिर्की पिछले नौ वर्षों से बक्सर में रेलवे टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत हैं. परिवार जमीन खरीदने की तैयारी कर रहा था. इसके लिए 3.50 लाख रुपये नकद और करीब 5 लाख रुपये के गहने एक बैग में रखे गए थे. गहनों पर ऋण लेकर अतिरिक्त राशि की व्यवस्था करने की भी योजना थी. इसी दौरान चोरों ने घर में प्रवेश कर पूरा बैग और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।
सुबह जब परिवार की नींद खुली तो बैग और मोबाइल गायब मिले. इसके बाद पूरे घर में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय वार्ड पार्षद प्रतिनिधि जय तिवारी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर जल्द कार्रवाई की मांग की।मुफस्सिल आउटपोस्ट प्रभारी गुड्डू चौधरी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई है. उन्होंने कहा कि पुलिस फोर्स जल्द ही घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की विस्तृत जांच करेगी. पीड़ित परिवार के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ, घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तैयारी कर रही है. दक्षिणी रेलवे कॉलोनी में हुई इस बड़ी चोरी के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।


