राजपुर के नागपुर का पीएम श्री विद्यालय बना मिसाल: स्मार्ट क्लास से लेकर ड्रोन तक की पढ़ाई, 890 बच्चों को मिलेगा आधुनिक शिक्षा और रोजगार का हुनर


बक्सर पब्लिक न्यूज:- राजपुर प्रखंड के नागपुर गांव स्थित पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय अब आधुनिक तकनीक और व्यावसायिक शिक्षा का एक प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है। कैमूर की सीमा पर सुदूर ग्रामीण इलाके में स्थित इस विद्यालय में अब दर्जनों गांवों के बच्चों को उच्चस्तरीय शिक्षा मिलेगी। प्रधानाध्यापक पंकज कुमार पांडेय के नेतृत्व में विद्यालय विकास के नए आयाम गढ़ रहा है।वर्तमान में इस विद्यालय में 22 शिक्षकों की देखरेख में 890 छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। सरकार की पहल पर विद्यालय को बेहतरीन संसाधनों से लैस किया गया है।
यहाँ डिजिटल बोर्ड, स्मार्ट पैनल और पूरी तरह तैयार कंप्यूटर लैब के माध्यम से बच्चों को तकनीकी शिक्षा दी जाएगी। इसके अलावा आधुनिक प्रयोगशाला, गणित व विज्ञान किट के साथ छात्रों को प्राथमिक उपचार की जानकारी देने के लिए मेडिकल किट भी उपलब्ध कराई गई है। विद्यार्थियों के सांस्कृतिक विकास के लिए वाद्य यंत्र और एक समृद्ध पुस्तकालय की भी व्यवस्था की गई है।
इस विद्यालय की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां किताबी ज्ञान के साथ-साथ विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण की शुरुआत की जा रही है। इसके लिए स्कूल में ड्रोन, एसी, फ्रिज और वॉशिंग मशीन जैसे आधुनिक उपकरण पहुँच चुके हैं, जिससे छात्र तकनीकी हुनर भी सीख सकेंगे।विद्यालय को इस मुकाम तक पहुँचाने में प्रधानाध्यापक के साथ-साथ शिक्षक राकेश प्रधान, संजय कुमार, सतीश सिंह, उत्तम पांडेय और रंजीत कुमार का सराहनीय सहयोग मिल रहा है। सुदूरवर्ती क्षेत्र का यह पीएम श्री विद्यालय अब आसपास के इलाकों के लिए एक मिसाल बनता जा रहा है।



