OTHERS

मुरार गांव में भव्य पंडाल में विराजेंगी मां दुर्गा

1960 से लगातार हो रही मां जगदंबा की प्रतिमा स्थापित, गांव के युवाओं के हाथों तैयार हो रहा आकर्षक पंडाल

बक्सर पब्लिक न्यूज:- शारदीय नवरात्र को लेकर चौगाई प्रखंड के मुरार गांव स्थित पंचमुखी चौक पर दुर्गा पूजा की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। श्री श्री दुर्गा पूजा समिति, पंचमुखी चौक मुरार की ओर से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भव्य पूजा समारोह का आयोजन किया जा रहा है। पूजा को लेकर पंडाल निर्माण सहित अन्य तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचने लगी हैं।मुरार की दुर्गा पूजा की खासियत यह है कि यहां पंडाल निर्माण के लिए बाहर से कारीगरों को नहीं बुलाया जाता। गांव के ही युवा अपने श्रम और हुनर से हर वर्ष आकर्षक एवं भव्य पंडाल का निर्माण करते हैं।

 इस वर्ष भी युवाओं की टोली पूरी मेहनत और उत्साह के साथ पंडाल तैयार करने में जुटी हुई है।पंडाल के अंदर मां दुर्गा के साथ अन्य देवी-देवताओं की आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। पूजा स्थल और आसपास के क्षेत्र को रंग-बिरंगी आधुनिक लाइटों से सजाया जाएगा, जिससे पूरा परिसर श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा का निर्माण नोखा (रोहतास) से आए मूर्तिकार मनोज कुमार द्वारा किया जा रहा है। पूजा समिति के अनुसार इस वर्ष करीब 3 से 4 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।पंडाल निर्माण में लगभग 180 बांस, 50 किलो कपड़े की रस्सी, 25 मन बीट, 15 किलो कांटी और प्लाई का उपयोग किया जा रहा है।

पंडाल की लंबाई लगभग 40 फीट होगी, जबकि इसमें करीब 12 फीट ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।समिति के सदस्यों के अनुसार मुरार गांव में वर्ष 1960 से लगातार मां जगदंबा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की जा रही है। दशकों से चली आ रही यह परंपरा आज मुरार गांव की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान बन चुकी है। हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी समिति और ग्रामीणों की ओर से विशेष तैयारी की जा रही है।

असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए वॉलिंटियर की व्यवस्था की जाएगी। पूजा समिति के सदस्यों के साथ ग्रामीण भी सुरक्षा व्यवस्था में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे, ताकि पूजा के दौरान भीड़ को व्यवस्थित रखा जा सके।दुर्गा पूजा को लेकर गांव में अभी से उत्साह का माहौल है।समिति के अध्यक्ष कमलेश पाण्डेय, सचिव चंदन लाल,कोषाध्यक्ष रामजी और ग्रामीण आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button