मुखिया की मौजूदगी में मांझी समुदाय के नए मतदाताओं को जोड़ने की पहल शुरू, लगा शिविर


बक्सर पब्लिक न्यूज:- केसठ में रविवार को पंचायत सरकार भवन केसठ के प्रांगण में मतदाता पहचान पत्र बनवाने को लेकर विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बीएलओ एवं पंचायत के मुखिया की मौजूदगी में नए मतदाताओं का फॉर्म-6 भरवाया गया। इस दौरान विशेष रूप से मांझी समुदाय समेत महादलित एवं अन्य वंचित समुदाय के लोगों को मतदाता सूची से जोड़ने पर जोर दिया गया।
शिविर में नोडल बीएलओ अजय कुमार विक्रांत एवं मुकेश कुमार ने नए मतदाताओं को फॉर्म-6 भरने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 भर सकते हैं।
पंचायत मुखिया अरविंद कुमार यादव उर्फ गामा पहलवान ने कहा कि पंचायत के सभी महादलित समुदाय सहित अन्य वर्गों के ऐसे लोगों, जिनकी उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, उनका मतदाता पहचान पत्र बनवाने के लिए पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित नहीं रहे, इसके लिए आवश्यक सहयोग किया जाएगा।



