CRIME

मजदूर के मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या के आशंका

बक्सर पब्लिक न्यूज:- बक्सर जिले के कोरानसराय थाना क्षेत्र में शुक्रवार के सुबह चौगाईं रोड स्थित अनजान ब्रह्म बाबा के समीप 57 वर्षीय मजदूर महेंद्र पासी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई. गुरुवार को डुमरांव मजदूरी करने गए महेंद्र देर रात तक घर नहीं लौटे थे, जिसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर पुलिस को भी सूचना दी थी. शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।मृतक की पहचान कोरानसराय निवासी महेंद्र पासी, पिता स्व. शिव शंकर पासी के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी. इसके बाद कोरानसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.

हाथ पर कट का निशान, शरीर पर चोट से बढ़ा संदेह

पुलिस के अनुसार, महेंद्र पासी के दाहिने हाथ पर कटने का निशान मिला है. इसके अलावा शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोट के निशान पाए गए हैं. इन्हीं परिस्थितियों के कारण मौत को लेकर संदेह गहरा गया है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महेंद्र की मौत हादसे में हुई, किसी अन्य वजह से हुई या फिर इसके पीछे कोई आपराधिक घटना है.

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. मृतक के पुत्र सन्नी कुमार समेत परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. परिजनों का कहना है कि महेंद्र पासी की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी. ऐसे में घर से दूर संदिग्ध हालत में शव मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है।परिजनों के अनुसार, महेंद्र अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक विवाहित पुत्री छोड़ गए हैं. घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

ब्रह्म बाबा के पास कैसे पहुंचे, पुलिस तलाश रही जवाब

पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है. साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि डुमरांव से लौटने के बाद महेंद्र पासी ब्रह्म बाबा के समीप कैसे पहुंचे और उनके साथ वहां क्या हुआ. पुलिस घटनास्थल से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।कोरानसराय थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच से ही महेंद्र पासी की संदिग्ध मौत का राज खुलने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button